हरदा: जिले की हरदा तहसील के ग्राम हरिपुरा में तय अनुमति से अधिक मुरम का अवैध उत्खनन करने के मामले में एडीएम कोर्ट ने सख्त फैसला सुनाया है। कोर्ट द्वारा निर्धारित 30 दिनों की समय सीमा में पेनल्टी की राशि जमा नहीं करने पर जुर्माने की रकम को दोगुना करते हुए बकाएदार दंपती पर 9 करोड़ 22 लाख 26 हजार रुपए की वसूली का अंतिम आदेश पारित किया गया है।
खनिज विभाग द्वारा की गई जांच में हरिपुरा क्षेत्र में जगदीश पिता नंदलाल कीर और उनकी पत्नी गीताबाई द्वारा स्वीकृत सीमा से कहीं अधिक मुरम का अवैध खनन पाया गया था। मामले में एडीएम कोर्ट ने पूर्व में 4 करोड़ 61 लाख 13 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था।
तय मियाद बीतने के बाद दोगुनी हुई पेनल्टी
कोर्ट ने बकाएदार पक्ष को एक माह के भीतर अर्थदंड की राशि सरकारी कोष में जमा करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। निर्धारित मियाद पूरी होने के बावजूद राशि जमा नहीं की गई, जिसके चलते मध्य प्रदेश गौण खनिज नियमों के तहत एडीएम कोर्ट ने अर्थदंड की राशि को दोगुना करने का आदेश दिया।
अब संबंधित दंपती को कुल 9 करोड़ 22 लाख 26 हजार रुपए का भुगतान करना होगा। खनिज विभाग और प्रशासनिक अमले को आदेश की तामीली करवाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व विभाग करेगा संपत्ति कुर्की की कार्रवाई
एडीएम कोर्ट का कड़ा रुख सामने आने के बाद अब राजस्व विभाग बकाएदार दंपती की चल-अचल संपत्ति, कृषि भूमि और बैंक खातों की जानकारी जुटा रहा है। यदि तय समय में राशि जमा नहीं होती है, तो भू-राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत संपत्ति कुर्की और नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जिले में खनिज संपदा का अवैध दोहन करने वालों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
हरदा जिले के कानूनी और प्रशासनिक फैसलों की पल-पल की जानकारी के लिए हरदा न्यूज़ पर विज़िट करें।










