हरदा: गाय को बचाने में पलटा पपीते से भरा पिकअप, 2 घायल

हरदा: इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के करीब 4 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आरटीओ कार्यालय के पास अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में पपीते से भरा तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। इस हादसे में पिकअप के चालक और हेल्पर दोनों घायल हुए हैं।

महाराष्ट्र के जलगांव से इंदौर जा रहा था वाहन

मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन महाराष्ट्र के जलगांव से कच्चा पपीता भरकर इंदौर मंडी की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन हरदा के आरटीओ दफ्तर के समीप पहुंचा, तभी अंधेरे में अचानक एक मवेशी हाईवे पर आ गया। मवेशी को बचाने के चक्कर में चालक ने स्टेयरिंग मोड़ा, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।

हादसे के बाद पिकअप में भरे सैकड़ों पपीते सड़क किनारे और खाई में बिखर गए। दुर्घटना के बाद घायल चालक किसी तरह मशक्कत कर वाहन से बाहर निकला और हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से मदद मांगी।

एनएचएआई एंबुलेंस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की एंबुलेंस टीम सुबह करीब 6:30 बजे मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए हरदा जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की मदद से पलटे हुए वाहन को हटवाने की प्रक्रिया शुरू की।

हाईवे पर आवारा गौवंश से लगातार बढ़ रहे हादसे

स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि हंडिया से लेकर हरदा बाईपास तक इंदौर-नागपुर हाईवे पर बड़ी संख्या में आवारा मवेशी बैठे और घूमते रहते हैं। रात और तड़के के समय रोशनी कम होने के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से हाईवे पर आवारा पशुओं के सुरक्षित प्रबंधन की मांग की है।

सड़क पर किसी भी तरह के आपातकालीन हालात में नागरिक तुरंत एनएचएआई हेल्पलाइन 1033 या पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क कर सकते हैं। जिले की अन्य ताज़ा जानकारियों के लिए जुड़े रहें हरदा न्यूज़ और हरदा मंडी भाव से।

apnaharda

हरदा की खबरों के साथ अन्य रोचक जानकारी आपतक साधारण भाषा में पहुंचाते हैं।