हरदा: जिले के संदलपुर और खातेगांव के बीच नागपुर-इंदौर फोरलेन पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में ग्राम चौकड़ी निवासी 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उनके साडू भाई का हाथ टूट गया। गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
फाइनेंस कंपनी के काम से खातेगांव जा रहे थे दोनों भाई
छीपाबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौकड़ी निवासी दीपक गौर (32 वर्ष) और महेंद्रगांव के रहने वाले उनके साडू भाई सत्यनारायण गौर (40 वर्ष) शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे बाइक से हरदा से खातेगांव के लिए निकले थे।
दीपक खेती के साथ-साथ एक फाइनेंस कंपनी में भी काम करते थे। दोनों फाइनेंस कंपनी के काम से खातेगांव जा रहे थे और काम पूरा करने के बाद लौटते समय नर्मदा स्नान करने की उनकी योजना थी।
सुबह 6 बजे रॉन्ग साइड बोलेरो ने मारी टक्कर
सुबह करीब 6 बजे जब दोनों संदलपुर और खातेगांव के बीच नागपुर-इंदौर फोरलेन से गुजर रहे थे, तभी सामने से रॉन्ग साइड आ रही बोलेरो नंबर MP 67 T 0455 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सड़क से नीचे जा गिरी और बोलेरो चालक मौके से भाग गया।
हादसे में दीपक के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं, जबकि सत्यनारायण गौर का हाथ टूट गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
दुर्घटना की खबर मिलते ही दीपक के चचेरे भाई अमन गौर और सत्यनारायण के छोटे भाई सुदर्शन गौर घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों घायलों को तुरंत खातेगांव के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दीपक की मृत्यु हो गई। सत्यनारायण का इलाज जारी है।
दीपक दो भाइयों में छोटे थे और उनका दो साल का एक बेटा है। फिलहाल उनका शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है, जहां परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
फोरलेन पर सुबह के समय कम रोशनी और कोहरे के बीच रॉन्ग साइड वाहन लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं, इसलिए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में तत्काल मदद के लिए पुलिस इमरजेंसी 112, एम्बुलेंस 108 या हाईवे हेल्पलाइन 1033 पर संपर्क किया जा सकता है। जिले की अन्य ताज़ा खबरों के लिए हरदा न्यूज़ और किसानों के ताज़ा रेट देखने के लिए हरदा मंडी भाव पेज पर जाएं।










