हरदा: सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सरकारी राशन में बड़ा हरदा चावल घोटाला सामने आया है। कटनी से हरदा, इंदौर और नीमच के सरकारी गोदामों के लिए भेजे गए करोड़ों रुपये के फोर्टीफाइड चावल में से भारी मात्रा में स्टॉक निर्धारित गोदामों तक नहीं पहुंचा। हरदा भेजे गए 14 ट्रकों का चावल भी गायब मिलने के बाद हुई उच्चस्तरीय जांच में फर्जी डिलीवरी चालान लगाने का खुलासा हुआ है, जिस पर परिवहन कंपनी के चार पार्टनर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
हरदा के 14 ट्रकों का 4,763 क्विंटल चावल नहीं पहुंचा गोदाम
दस्तावेजों के मुताबिक खरीफ विपणन वर्ष अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के दौरान कटनी से हरदा, इंदौर और नीमच के लिए सड़क मार्ग से फोर्टीफाइड चावल रवाना किया गया था। हरदा के लिए भेजे गए 14 ट्रकों में 9,610 बोरियां यानी लगभग 4,763.77 क्विंटल चावल लदा था, जिसके जीटी और प्रपत्र 13-ए भी जारी हुए थे, लेकिन यह पूरा स्टॉक गोदाम तक पहुंचा ही नहीं।
हरदा नागरिक आपूर्ति निगम की प्रभारी प्रबंधक गंगा कुमरे ने 7 सितंबर 2026 को कटनी जिला प्रबंधक को पत्र लिखकर इस गड़बड़ी की जानकारी दी थी। पत्र के साथ सभी 14 ट्रकों के नंबर, रवानगी की तारीख और बोरियों की सूची भी भेजी गई थी। प्रारंभिक मिलान में तीनों जिलों (हरदा के 14 ट्रक, नीमच के 10 ट्रक में 3,569 क्विंटल और इंदौर के 8 ट्रक में 2,641 क्विंटल) के लिए रवाना करीब 10,973 क्विंटल चावल गोदामों तक न पहुंचने से कुल 4 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी का मामला सामने आया था।
कलेक्टर की जांच में फर्जी चालान का खुलासा, 4 पर एफआईआर
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सख्त निर्देश के बाद कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने मामले की जांच के लिए विशेष दल गठित किया। इस जांच दल में जिला आपूर्ति अधिकारी एवं प्रभारी जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम रविकांत सिंह ठाकुर, नजूल तहसीलदार आकाश नीरज, तथा केंद्र प्रभारी अशोक पटाइत और नेहा अहिरवार शामिल थे।
जांच प्रतिवेदन में 31 ट्रकों में लदे 21,765 बोरे (10,797.18 क्विंटल) फोर्टीफाइड चावल को निर्धारित गोदाम तक न पहुंचाने और उनकी जगह फर्जी डिलीवरी चालान की पावती कार्यालय में जमा करने की गंभीर अनियमितता साबित हुई। कलेक्टर के निर्देश पर डीएसओ रविकांत सिंह ठाकुर ने कटनी के रंगनाथ नगर पुलिस थाने में मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस (चाकघाट) के चार पार्टनर्स दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज कराया है।
बीएनएस की धाराओं में केस और कंपनी प्रतिबंधित
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 338, 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच दल ने परिवहनकर्ता के इस कृत्य को निविदा शर्तों का उल्लंघन, धोखाधड़ी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के विपरीत पाया है।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल के प्रबंध संचालक ने मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को कटनी जिले के परिवहन कार्य के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। फिलहाल पुलिस और विभागीय जांच टीम दस्तावेजों के मिलान और गायब चावल की तलाश में जुटी है। हरदा जिले की अन्य बड़ी प्रशासनिक व स्थानीय अपडेट के लिए हरदा न्यूज़ तथा किसानों के ताज़ा रेट जानने के लिए हरदा मंडी भाव पेज देखें।










