हरदा: जिले में लंबे समय से लंबित सरकारी बकाया राजस्व वसूली को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बकाएदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर तहसीलदार महेंद्र चौहान के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने शुक्रवार को दो बकायादारों के खिलाफ मौके पर पहुंचकर कुर्की की विधिक प्रक्रिया पूरी की।
सब्जी मंडी और खेड़ीपुरा के दो बकाएदारों पर कार्रवाई
राजस्व अमले द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत अधिरोपित शास्ति की बकाया राशि वसूलने के लिए सब्जी मंडी स्थित मधुर डेयरी के प्रोपराइटर कलीम खान से 35 हजार रुपये की वसूली हेतु कुर्की की गई।
इसके साथ ही खेड़ीपुरा निवासी नादिर खान से 8 हजार रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए कुर्की की प्रक्रिया अपनाई गई। दोनों मामलों में कुल 43 हजार रुपये की सरकारी राजस्व वसूली की जानी है।
लापरवाही बरतने वालों पर सीधे होगी संपत्ति जब्ती
तहसीलदार महेंद्र चौहान ने स्पष्ट किया है कि जिले में सरकारी बकाया वसूली का अभियान लगातार चलेगा। अब केवल नोटिस जारी करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बकाया जमा न करने पर सीधे संपत्ति कुर्क की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मामलों के अलावा खनिज विभाग की बकाया रॉयल्टी और बैंक आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) प्रकरणों में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरदा शहर और जिले के प्रशासनिक समाचारों से अपडेट रहने के लिए हरदा न्यूज़ सेक्शन पर विजिट करें।









