हरदा: हरदा जिले के दो पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।
भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित गरिमामय समारोह में मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना ने जवानों को प्रशस्ति-पत्र और डीजी डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया।
भोजशाला में शांति व्यवस्था के लिए मिला सम्मान
हरदा जिले के कायागांव निवासी पुरुषोत्तम विश्नोई वर्तमान में इंदौर में रक्षित निरीक्षक (आरआई) के पद पर पदस्थ हैं। धार जिले में पदस्थापना के दौरान ऐतिहासिक भोजशाला में शांति व्यवस्था, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
आरआई पुरुषोत्तम विश्नोई ने इस सम्मान को पूरी पुलिस टीम और अधिकारियों के मार्गदर्शन का सामूहिक परिणाम बताया और कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और अधिक निष्ठा से जनसेवा करने की प्रेरणा देगी।
चंदर सराफ की बाड़ी निवासी धीरज मेहरा भी सम्मानित
इसके साथ ही हरदा शहर की चंदर सराफ की बाड़ी निवासी धीरज मेहरा को भी पुलिस महानिदेशक द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया। धीरज मेहरा वर्तमान में पुलिस मुख्यालय (डीजीपी कार्यालय) भोपाल में आरक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
जिले के दो जांबाज पुलिसकर्मियों को राज्य स्तर पर मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से हरदा पुलिस विभाग और स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर है।
जिले की अन्य प्रशासनिक, सामाजिक और कानून व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी के लिए हरदा न्यूज़ पर जुड़े रहें।









