हरदा: धर्म और अध्यात्म की नगरी हरदा में शुक्रवार दोपहर भक्ति और उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला, जब हरदा-बैतूल मार्ग पर आकार ले रहे भव्य दिगंबर जैन तीर्थ ‘अनेकांत धाम’ में विराजमान होने वाली तीन विशाल पाषाण प्रतिमाएं हरदा हाईवे पहुंचीं। दोपहर करीब 3 बजे विशेष ट्राले से राजस्थान से लाई जा रहीं इन प्रतिमाओं के हरदा पहुंचने पर जैन समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
कुचामन सिटी से ग्रेनाइट पत्थर से बनी तीन विशाल प्रतिमाएं
राजस्थान के कुचामन सिटी से विशेष ट्राले के जरिए लाई जा रही इन तीनों विशाल प्रतिमाओं का निर्माण ग्रेनाइट पत्थर से किया गया है। इनमें भगवान चंद्रप्रभु की 31 फीट ऊंची, भगवान सुपार्श्वनाथ की 27 फीट ऊंची और भगवान पार्श्वनाथ की 27 फीट ऊंची भव्य प्रतिमाएं शामिल हैं। वजन और आकार अधिक होने के कारण इन्हें विशेष सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के साथ सड़क मार्ग से चिचोली के समीप पाटाखेड़ा स्थित अनेकांत धाम ले जाया जा रहा है।
श्री दिगंबर जैन समाज हरदा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन और कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि मुनि श्री 108 आचार्य विशुद्धसागर जी महाराज की प्रेरणा और आशीर्वाद से हरदा-बैतूल मार्ग पर इस नवीन जैन तीर्थ व जिनालय का निर्माण किया जा रहा है। इस तीर्थ के विकसित होने से इस मार्ग पर पैदल विहार करने वाले दिगंबर जैन साधु-संतों और आर्यिका माताजी के लिए भी विश्राम व धर्म आराधना का सुविधाजनक केंद्र तैयार हो सकेगा।
29 नवंबर को भूमि पूजन व शुद्धीकरण कार्यक्रम
अनेकांत धाम परिसर में प्रस्तावित सहस्रकूट जिनालय के लिए हरदा नगर के जैन समाज की ओर से विभिन्न परिवारों के सहयोग से 51 प्रतिमाओं का योगदान दिया गया है। समाज पदाधिकारियों के मुताबिक आगामी 29 नवंबर को तीनों विशाल प्रतिमाओं के पूजन स्थापना के साथ तीर्थ स्थल पर भूमि पूजन और शुद्धीकरण का धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होगा।
शुक्रवार को हरदा नगर में प्रतिमाओं के आगमन व दर्शन अवसर पर महेंद्र अजमेरा, सुरेंद्र जैन, आकाश लहरी, प्रदीप अजमेरा, राजीव जैन, वैभव जैन, राहुल रपरिया, डॉ. नवीन जैन, छविन्द्र बजाज, राजकुमार कठनेरा, चेतन लहरी और सिद्धांत पाटनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे व समाजजन उपस्थित रहे। हरदा शहर व जिले की ताज़ा स्थानीय खबरों के लिए हरदा न्यूज़ तथा अन्य अपडेट्स के लिए अपना हरदा होमपेज देखें।










