हरदा: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को हरदा विकासखंड के ग्राम हंडिया में क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों की सुनवाई करते हुए कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर कुमार सत्यम ने हंडिया के प्रभारी ग्राम पंचायत सचिव नर्मदाप्रसाद धानवे का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मौके पर ही लाखों रुपये के ऋण एवं अनुदान स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
बागरूल व हंडिया में कलेक्टर-एसपी ने किया योजनाओं का निरीक्षण
कलेक्टर कुमार सत्यम व पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने शुक्रवार को ग्राम बागरूल और हंडिया का दौरा कर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बागरूल स्थित प्रगति प्रशिक्षण केंद्र में अधिकारियों ने आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। आशा केवट ने अगरबत्ती इकाई और सोनू बरैटा ने वाशिंग मशीन संचालन की जानकारी दी, जिस पर कलेक्टर ने समूह की महिलाओं को जिले के अस्पतालों, संस्थानों व हॉस्टलों में धुलाई का काम दिलवाने और बागरूल में स्मार्ट फिश पार्लर व सीएलएफ भवन निर्माण कराने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने हंडिया की गौशाला और पुलिस थाने के रजिस्टर, मालखाना व हवालात का भी निरीक्षण किया। गौशाला में गोबर से वर्मी कम्पोस्टिंग और बारिश के पानी को सहेजने के लिए टैंक निर्माण के निर्देश दिए गए। वहीं, हंडिया में फलक स्व-सहायता समूह की खतीजा बेगम की सोयाबीन बिस्किट निर्माण इकाई का अवलोकन किया, जो पीएमएफएमई योजना से 8 लाख रुपये ऋण और 2.80 लाख रुपये के अनुदान से शुरू हुई है और अब हरदा बाजार, आंगनवाड़ियों व जिम में बिस्किट व कुकीज की सप्लाई कर रही है। कलेक्टर ने सरकारी बैठकों में भी इन्हीं बेकरी उत्पादों का उपयोग कराने को कहा।
हंडिया शिविर में इन्हें मिला ऋण और योजनाओं का लाभ
हंडिया क्लस्टर शिविर में हरदा विधायक डॉ. आरके दोगने, डीएफओ ज्योति मुड़िया, जिला पंचायत सीईओ नरोत्तम भार्गव और एएसपी अमित कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत श्याम पाल को हार्डवेयर व्यवसाय के लिए 8 लाख रुपये और भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत ज्योति राजकुमार परमार को कपड़ा व्यवसाय के लिए 2.52 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
इसके अलावा डॉ. भीमराव आंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना में संजय रंगीले को जूता-चप्पल व्यवसाय के लिए 50 हजार रुपये मंजूर किए गए, जबकि प्रेरणा और संगम स्व-सहायता समूहों को 3-3 लाख रुपये का बैंक लिंकेज मिला। कृषि योजनाओं में हीरालाल रेवाराम को स्प्रिंकलर के लिए 13,306 रुपये तथा शोभाराम जाटव को पावर स्प्रे पंप के लिए 4,200 रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत मिरहा और काव्या को प्रमाण पत्र सौंपे गए और ग्रामीणों की आधार, स्वास्थ्य जांच व फार्मर आईडी सेवाएं भी मौके पर संचालित की गईं। जिले की अन्य प्रमुख खबरों के लिए हरदा न्यूज़ और ताज़ा उपज दरों के लिए हरदा मंडी भाव पेज देखें।










